भारतीय सिनेमा के दिग्गज संगीतकार इलैयाराजा ने सोनी म्यूज़िक एंटरटेनमेंट इंडिया के खिलाफ मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर की है. उनका आरोप है कि कंपनी ने उनकी 300 से ज्यादा फिल्मों के गानों को बिना अनुमति डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर इस्तेमाल किया है. इलैयाराजा का कहना है कि उन्होंने कभी अपने म्यूज़िक राइट्स ट्रांसफर नहीं किए और न ही वे किसी “वर्क फॉर हायर” व्यवस्था का हिस्सा रहे. अदालत ने सोनी को 22 अक्टूबर तक जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है.
इलैयाराजा (Ilaiyaraaja) दक्षिण भारतीय फिल्मों के प्रसिद्ध संगीतकार, गीतकार, गायक, ऑर्केस्ट्रेटर और संगीत निर्देशक हैं. उनका असली नाम आर. ज्ञानथेसिकन (R. Gnanathesikan) है और उनका जन्म 2 जून 1943 को तमिलनाडु के थेनी जिले के पन्नईपुरम गांव में एक गरीब परिवार में हुआ था.
पुरस्कार और सम्मान
5 बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार
पद्म भूषण (2010)
पद्म विभूषण (2018)
संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार (2012)
2022 में भारत सरकार द्वारा राज्यसभा के लिए मनोनीत.
इलैयाराजा की रचनाओं ने दक्षिण भारतीय फिल्म संगीत को लोकप्रियता और वैश्विक पहचान दी.उनकी शैली में भारतीय लोकसंगीत, वेस्टर्न क्लासिकल और इलेक्ट्रॉनिक एलिमेंट्स का समावेश रचनात्मकता की मिसाल है.वो भारतीय संगीत के लिजेंड माने जाते हैं और उन्हें “संगीत क्रांति” का अगुवा कहा जाता है.
क्या है मामला
इलैयाराजा का कहना है कि सोनी म्यूज़िक उनकी 300 से ज्यादा फिल्मों के गानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म्स जैसे YouTube, Apple Music और Amazon पर स्ट्रीम और एक्सप्लॉइट कर रहा है, जबकि कंपनी के पास ऐसा करने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है.
उनका कहना है कि उन्होंने हमेशा फिल्म प्रोड्यूसर्स और पार्टनर्स के साथ principal-to-principal basis पर काम किया है, कभी भी किसी “वर्क फॉर हायर” कांट्रैक्ट के तहत नहीं. ऐसे में उनके म्यूज़िक का स्वामित्व (ownership) आज भी उन्हीं के पास है.
कोर्ट की कार्यवाही
याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस एन सेंथिल कुमार ने सोनी म्यूज़िक को निर्देश दिया कि वह 22 अक्टूबर तक अपना जवाब दाखिल करे और हर दिन इलैयाराजा के गानों से होने वाली डिजिटल कमाई का विवरण पेश करे.
इलैयाराजा की ओर से सीनियर एडवोकेट एस प्रभाकरण ने दलील दी कि अब तक किसी ने भी ऐसा कोई दस्तावेज़ पेश नहीं किया है जिससे साबित हो कि इलैयाराजा ने अपने राइट्स किसी कंपनी को सौंप दिए हों.
क्या चाहते हैं इलैयाराजा
संगीतकार ने कोर्ट से मांग की है कि सोनी को आदेश दिया जाए-फरवरी 2022 से अब तक गानों से हुई सारी कमाई और प्रॉफिट का सही-सही हिसाब दे.जो रकम बनती है, उसे ब्याज समेत अदा करे.बिना अनुमति किए गए पब्लिशिंग, एडिटिंग, रीमिक्स और रीमास्टरिंग पर रोक लगाई जाए.
कॉपीराइट कानून का उल्लंघन
इलैयाराजा के वकील का कहना है कि सोनी म्यूज़िक कॉपीराइट एक्ट का पालन नहीं कर रही, जिसमें यह स्पष्ट है कि किसी भी क्रिएटर को उसके काम से होने वाली रॉयल्टी में बराबर का हिस्सा मिलना चाहिए. इसके बजाय कंपनी गानों से मोटी कमाई कर रही है, जबकि असली मालिक यानी कंपोज़र को इसका लाभ नहीं दिया जा रहा.

